Jamshedpur

टाटानगर में 30 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, RPF-जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई

जमशेदपुर। रेलवे क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में RPF टाटा और GRP टाटानगर को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन नार्कोस के तहत 23 अगस्त 2026 की रात चलाए गए संयुक्त जांच अभियान में करीब 30 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

अभियान में RPF टाटा, GRP टाटानगर और नारकोटिक्स डॉग मैक्स को शामिल किया गया था। संयुक्त टीम ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो व्यक्तियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूपेश कुमार (36), निवासी फतेहपुर, राघोपुर, वैशाली, बिहार और शिव मुनि चौरसिया (38), निवासी भभुआ, कैमूर, बिहार के रूप में हुई है। बरामद गांजे को जब्त करने के बाद दोनों आरोपियों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही, तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

रेलवे सुरक्षा बल और रेल पुलिस की ओर से रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों और रेलवे परिसरों में मादक पदार्थों के अवैध परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऑपरेशन नार्कोस के तहत संदिग्ध यात्रियों और सामान की विशेष जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, रेलवे मार्ग से मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!