Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानचाईबासा

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चाईबासा में भव्य साइकिल रैली, कृष्णा महतो और शीला बानरा बने विजेता

चाईबासा:प्रकाश गुप्ता: स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से गुरुवार को चाईबासा में भव्य जिला स्तरीय साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय पर्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ युवाओं को खेलकूद, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना था।

साइकिल रैली की शुरुआत जिला समाहरणालय परिसर से हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए घड़ी घर चौक पहुंचकर संपन्न हुई। सदर चाईबासा के अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी और जिला खेल पदाधिकारी मारकस हेम्ब्रम ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। अधिकारियों ने रैली में शामिल प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया और आयोजन के महत्व पर प्रकाश डाला।

रैली में पश्चिमी सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे युवाओं और महिला प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

पुरुष वर्ग में कृष्णा महतो ने मारी बाजी

प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में मनोहरपुर प्रखंड के कृष्णा महतो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। सोनुवा प्रखंड के उदय सुण्डी ने द्वितीय और सोनुवा के ही सरजोम सुण्डी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

महिला वर्ग में शीला बानरा प्रथम

महिला वर्ग में सोनुवा प्रखंड की शीला बानरा ने प्रथम स्थान हासिल कर खिताब अपने नाम किया। सदर प्रखंड की बुधनी सामड द्वितीय तथा खूंटपानी प्रखंड की बाहलेन बानरा तृतीय स्थान पर रहीं।

कार्यक्रम के समापन पर प्रशासनिक पदाधिकारियों ने विजेता प्रतिभागियों को शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। अन्य प्रतिभागियों के प्रयास की भी सराहना की गई।

अधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के गौरव और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन युवाओं में देशभक्ति की भावना के साथ-साथ खेल और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल विभाग और पुलिस प्रशासन के सहयोग से साइकिल रैली शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!