चाईबासा: लूथेरान उच्च विद्यालय में मनाया गया राष्ट्रीय अभियंता दिवस
डॉ. एम. विश्वेश्वरैया की जयंती पर छात्रों को इंजीनियरिंग की विभिन्न शाखाओं और करियर अवसरों की दी गई जानकारी

चाईबासा: लूथेरान उच्च विद्यालय चाईबासा में मंगलवार को भारत रत्न डॉ. मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय अभियंता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान विद्यार्थियों को डॉ. विश्वेश्वरैया के जीवन, उनके योगदान और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रभारी एनेम सुरीन ने छात्रों को डॉ. एम. विश्वेश्वरैया के जीवन और कार्यों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि देश के विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान और उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए वर्ष 1955 में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।
विद्यालय के कंप्यूटर शिक्षक सूरज कुमार ठाकुर ने छात्रों को इंजीनियरिंग की विभिन्न प्रमुख शाखाओं की जानकारी दी। उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, केमिकल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस और सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग के क्षेत्र, कार्यप्रणाली और करियर संभावनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
सूरज कुमार ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय अभियंता दिवस देश के इंजीनियरों के समर्पण, मेहनत और नवाचार को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से डॉ. विश्वेश्वरैया के जीवन और कार्यों से प्रेरणा लेकर शिक्षा के साथ तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा देश के विकास में योगदान देने का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न पाठ्यक्रमों, शाखाओं और करियर अवसरों की जानकारी मिली। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में तकनीकी शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें भविष्य के लिए बेहतर करियर विकल्पों के प्रति जागरूक करना रहा।




