
चाईबासा।प्रकाश गुप्ता :पश्चिम सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत कोटगढ़ पंचायत के कूचीबेड़ा, इटरबालजोड़ी और रोबेटा कमेटी की ओर से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन हवाई पट्टी मैदान कुटिंगता में हुआ। समापन समारोह में जगन्नाथपुर विधायक सह उप मुख्य सचेतक (सत्तारूढ़ दल) सोनाराम सिंकु मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन समिति की ओर से विधायक को बुके और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पप्पू गुप्ता तथा सम्मानित अतिथि विजय गुप्ता, सूरज मुखी और गुलजार अंसारी मौजूद रहे। अतिथियों ने प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों की विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में महिला टीमों के अलावा 40 प्लस आयु वर्ग की टीमों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
मुख्य फुटबॉल प्रतियोगिता में AJ ट्रांसपोर्ट की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता टीम को 55 हजार रुपये नकद, खस्सी, जर्सी और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं ब्लैक टाइगर की टीम उपविजेता रही, जिसे 35 हजार रुपये नकद, खस्सी, जर्सी और ट्रॉफी प्रदान की गई।
अभिषेक 11 की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। टीम को 15 हजार रुपये नकद, खस्सी, फुटबॉल और ट्रॉफी दी गई। वहीं संध्या FC को खस्सी, फुटबॉल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में समिति के अध्यक्ष जीतेन पूर्ति, कोषाध्यक्ष बबलू गोप, सलाहकार जसबीर चंपिया, सदस्य रतना पूर्ति, हेमंत तिरिया, सूबेदार पूर्ति, प्रफुल्लो गोप, गोमा पूर्ति और तूफान कैराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी विपिन लागुरी, मोहम्मद जावेद, सूरज चंपिया, सन्नी रजक, रंजीत गगराई और रोशन पान समेत हजारों की संख्या में खेलप्रेमी और ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के दौरान मैदान में दर्शकों की भारी भीड़ रही और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया।
आयोजकों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच देती हैं। साथ ही इससे युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ती है और ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।




