कोल्हान

*परिसीमन में आदिवासी आरक्षित सीटों में कटौती की आशंका पर 25 अगस्त को बैठक* 

चाईबासा: आगामी दिनों में लागू होने वाले परिसीमन में आदिवासियों के लिए आरक्षित लोकसभा एवं विधानसभा सीटों में कटौती की संभावनाओं को लेकर 25 अगस्त को चाईबासा के सर्किट हाउस (परिसदन) में आदिवासी सामाजिक संगठनों की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक दोपहर 2 बजे होगी। बैठक में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बंधु तिर्की सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेंगे।

बैठक में आगामी 30 अगस्त को रांची के मोरहाबादी मैदान में प्रस्तावित आदिवासी एकता महाजुटान रैली में पश्चिमी सिंहभूम जिले के सामाजिक संगठनों की भागीदारी और जिम्मेदारियों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

आयोजकों के अनुसार बैठक में परिसीमन के संभावित प्रभाव, आदिवासी आरक्षित लोकसभा एवं विधानसभा सीटों में कटौती की आशंका तथा इस मुद्दे पर सामाजिक संगठनों की भूमिका को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही रांची में होने वाली रैली में जिले से अधिक से अधिक सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा होगी।

बैठक में मानकी-मुंडा संघ, आदिवासी हो समाज महासभा, आदिवासी हो समाज युवा महासभा, आदिवासी सेवानिवृत्त संगठन, आदिवासी हो समाज महिला महासभा, आदिवासी उरांव समाज चाईबासा, आदिवासी संथाल समाज, आदिवासी भारत मुंडा समाज, आदिवासी भूमिज समाज, आदिवासी यंग स्टार कोल्हान, आदिवासी युवा शक्ति चाईबासा, ईचा करकई बांध विरोधी संघ सहित सभी सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।

आयोजकों ने सभी संबंधित सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से निर्धारित समय पर बैठक में शामिल होकर आगामी कार्यक्रम की रणनीति एवं जिम्मेदारियों के निर्धारण में भाग लेने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!