
- शिव मंदिर के समीप हुआ भीषण सड़क हादसा
- पुलिस ने शुरू की दुर्घटना की जांच, सड़क सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल
मुसाबनी : सुरदा क्रॉसिंग से मुसाबनी जाने वाली मुख्य सड़क पर मंगलवार दोपहर शिव मंदिर के समीप हुए सड़क हादसे में केंद्रीय विद्यालय सुरदा के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, केंद्रीय विद्यालय सुरदा में अध्ययनरत सक्षम सिंह अपने एक मित्र के साथ मोटरसाइकिल से मुसाबनी से घाटशिला की ओर जा रहा था। इसी दौरान शिव मंदिर के पास ओवरटेक करने के क्रम में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग सहायता के लिए मौके पर पहुंचे।
इसे भी पढ़ें : एलपीजी सिलेंडर लदा वाहन पलटा, चालक गंभीर रूप से घायल, सड़क पर बिखरे सिलेंडर
अस्पताल में चिकित्सकों ने सक्षम सिंह को मृत घोषित किया
घटना की सूचना मिलने पर झारखंडी भाषा भाषी मूल निवासी संघ के जिला अध्यक्ष आनंद हेम्ब्रम घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के प्रयास शुरू किए। उन्होंने 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क किया तथा मामले की जानकारी मुसाबनी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनुज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने सक्षम सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल छात्र का इलाज शुरू किया गया। बताया गया कि मृतक छात्र के पिता बंटी सिंह सुरदा टीओपी में कार्यरत हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
इसे भी पढ़ें : 28वीं एसआर रुंगटा मेमोरियल बैडमिंटन चैंपियनशिप का आगाज, पहले दिन 50 मुकाबले
छात्र की मौत से विद्यालय परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा ओवरटेक करने के दौरान बाइक के अनियंत्रित हो जाने से हुआ। दुर्घटना के बाद मोटरसाइकिल सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्र की असामयिक मौत से विद्यालय परिवार, मित्रों और परिचितों में गहरा शोक व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और युवाओं से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।




