कोल्हानचाईबासा

लगातार बारिश से चाईबासा में जलजमाव, अमला टोला में कच्चे मकान गिरे

चाईबासा।प्रकाश गुप्ता:पश्चिमी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। जिला मुख्यालय चाईबासा के कई मोहल्लों और वार्डों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। कई प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया है। वहीं, अमला टोला स्टेशन रोड में बीती रात लगातार बारिश के कारण कच्चे मकान गिर गए। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण खेतों और नालों में पानी भर गया था। आधी रात के समय बारिश और नाले का पानी घरों में घुस गया। कच्चे मकानों की दीवारें पानी के दबाव से कमजोर होकर धंस गईं। समय रहते लोगों के सुरक्षित स्थान पर चले जाने से बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार और सदर चाईबासा के अंचल अधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी उपेंद्र कुमार ने विभिन्न इलाकों का निरीक्षण कर जलजमाव और बारिश से हुए नुकसान की जानकारी ली।

प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों के लिए स्थानीय धर्मशाला में रहने और भोजन की व्यवस्था की जा रही है। मौके पर नगर परिषद चाईबासा के अध्यक्ष नितिन प्रकाश भी मौजूद रहे। जलजमाव वाले इलाकों से पानी निकालने के लिए निकासी की व्यवस्था की जा रही है।

चाईबासा शहर के गाड़ी खाना, गुरुद्वारा रोड, टुंगरी रोड और डीआईजी आवास के पास की सड़कों पर भी जलजमाव हुआ है। प्रशासन और नगर परिषद की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

सदर एसडीओ संजय कुमार ने कहा कि लगातार बारिश के कारण स्थिति पर प्रशासन की नजर है। जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ भोजन और रहने की व्यवस्था की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!