गोलमुरी में सड़क हादसा, बाइक सवार की मौत; अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र के आकाशदीप प्लाजा के समीप सोमवार को हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने के बाद गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक सवार आकाशदीप प्लाजा के समीप से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर गया। इसी बीच पीछे से आ रहे एक बड़े वाहन का पिछला चक्का उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद दुर्घटना में शामिल वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फुटेज के आधार पर हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। मृतक कहां का रहने वाला था, इसकी जानकारी भी पुलिस को नहीं मिल पाई है। पुलिस शव की पहचान कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
गोलमुरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना में शामिल वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।




