बाईपास चौक पर सघन वाहन जांच, 14 वाहनों से वसूला गया 14 हजार रुपये जुर्माना

चाईबासा। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला परिवहन कार्यालय की ओर से शनिवार को चाईबासा बाईपास चौक के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। मोटरयान निरीक्षक नेल्सन तिर्की और कृष्णा सोरेन के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में दोपहिया और चार पहिया वाहनों की जांच की गई।

जांच के दौरान दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट, चार पहिया वाहन चालकों के सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस सहित वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 14 वाहनों से 14 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
हेलमेट पहनने के बाद ही काटा गया चालान
अभियान के दौरान बिना हेलमेट पकड़े गए दोपहिया वाहन चालकों को मौके से घर भेजकर हेलमेट मंगवाया गया। वाहन चालकों द्वारा हेलमेट पहनकर वापस आने के बाद ही उनका ऑनलाइन चालान काटा गया और उन्हें जाने दिया गया। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण करना है।
सड़क हादसों में दोपहिया वाहनों की संख्या अधिक
मोटरयान निरीक्षक ने बताया कि जिले में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहनों की संख्या काफी अधिक है। कई दुर्घटनाओं में हेलमेट नहीं पहनने के कारण लोगों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ते हैं। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट की उपयोगिता समझने और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन नहीं चलाने की अपील की।
लगातार जारी रहेगा वाहन जांच अभियान
जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए परिवहन विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने वाहन चालकों और आम लोगों से यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने तथा सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की अपील की।




