पारडीह चौक पर ब्राउन शुगर की 38 पुड़िया के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस को देखते ही भागने लगा था आरोपी

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पारडीह चौक के पास से एक युवक को ब्राउन शुगर की 38 पुड़िया के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक स्मार्ट मोबाइल फोन भी बरामद किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान सौरभ ओहरी (21), पिता राजेश कुमार ओहरी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 7 अगस्त की शाम करीब 8:10 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि पारडीह चौक और आसपास के क्षेत्रों में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों को जानकारी दी गई, जिसके बाद पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।
पुलिस को देखते ही भागने लगा युवक
विशेष टीम ने पारडीह चौक और आसपास के इलाके में निगरानी शुरू की। इसी दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम सौरभ ओहरी बताया।
तलाशी के दौरान उसके पास से ब्राउन शुगर की 38 पुड़िया और एक स्मार्टफोन बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर लिया है।
सोनारी के पवन यादव से नशा लेने का दावा
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने कथित तौर पर ब्राउन शुगर सोनारी निवासी पवन यादव से लिया था। पुलिस के अनुसार, पवन यादव का नाम पूर्व के एनडीपीएस मामले से जुड़े एक नेटवर्क में भी सामने आया है। हालांकि, आरोपी के इस बयान की पुलिस जांच कर रही है।
सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ब्राउन शुगर की सप्लाई कहां से हो रही थी और इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। आरोपी के पास से बरामद मोबाइल फोन और पूछताछ से मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस मामले की आगे की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में पुलिस की छापामारी जारी है।




