प्रोजेक्ट प्राण के तहत पंचायत दिवस का आयोजन, उपायुक्त ने बामेबासा और नीमडीह पंचायत का किया निरीक्षण

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से संचालित प्रोजेक्ट प्राण के तहत पंचायत दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने प्रशिक्षु आईएएस ईरा जोरवाल की उपस्थिति में टोंटो प्रखंड के बामेबासा और नीमडीह पंचायत का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं एवं आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने बामेबासा पंचायत सचिवालय परिसर में स्थापित भस्मक का उद्घाटन किया तथा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए इसकी उपयोगिता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर ऐसी व्यवस्थाएं स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाने में सहायक होंगी।
उपायुक्त ने सुनील बारी द्वारा संचालित आम बागवानी परियोजना और मोहन बारी द्वारा किए जा रहे काजू उत्पादन कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने लाभुकों से परियोजनाओं की प्रगति और आय संबंधी जानकारी लेते हुए कृषि एवं उद्यानिकी आधारित आजीविका गतिविधियों को ग्रामीणों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताया।
उन्होंने पंचायत सचिवालय के सुदृढ़ीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए विद्यार्थियों के लिए ज्ञान केंद्र स्थापित करने का सुझाव दिया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायता मिल सके। साथ ही पंचायत भवनों में मंईयां कक्ष, ऊर्जा कक्ष तथा महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की। इस अवसर पर जिले को नशामुक्त बनाने की शपथ भी दिलाई गई।

उन्होंने किसानों को जानकारी दी कि लैम्पस के माध्यम से 50 प्रतिशत अनुदान पर धान बीज का वितरण किया जा रहा है और अधिक से अधिक किसानों से इसका लाभ उठाने का आग्रह किया। साथ ही स्पॉन्सरशिप योजना के तहत पात्र बच्चों को प्रतिमाह 4000 रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराने संबंधी जानकारी देते हुए संबंधित मुखिया को पात्र बच्चों को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी भी दी और सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने की अपील की।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड प्रमुख, स्थानीय मुखिया, पंचायत सचिव तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




