मुसाबनी प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण, योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश

जादूगोड़ा: पूर्वी सिंहभूम जिले के उपायुक्त राजीव रंजन ने गुरुवार को मुसाबनी प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अदिति गुप्ता की उपस्थिति में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की और लंबित योजनाओं को शीघ्र गति देने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने प्रखंड परिसर में खुले स्थान पर बिना असेंबल किए लाखों रुपये मूल्य के ट्राइसाइकिल रखे जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त करने तथा सामग्री को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रखने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने आंगनबाड़ी सेविका कार्यालय का भी निरीक्षण किया। वहां कार्यों में सुस्ती पाए जाने पर उन्होंने विभागीय कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। जवाबों से असंतुष्ट होने पर अधिकारियों और कर्मियों को फील्ड में सक्रिय होकर कार्य करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्वीकार किया कि पिछले लगभग आठ महीनों से मुसाबनी प्रखंड कार्यालय अतिरिक्त प्रभार में संचालित हो रहा था, जिसके कारण विकास कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि बीडीओ अदिति गुप्ता के अवकाश से लौटने के बाद अब विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आने की उम्मीद है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, घाटशिला अनुमंडल पदाधिकारी अमिताभ भक्त सहित प्रखंड कार्यालय के बड़ा बाबू मंगल हासदा, अमित यादव, अरविंद हेंब्रम तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित थे।




