Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
Jamshedpurकोल्हान

Jamshedpur : जनता को सुरक्षा चाहिए, सिर्फ चालान नहीं : डबल डाउन घटना पर सौरभ विष्णु का प्रशासन पर हमला

हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर कानून-व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग

  • कानून का राज स्थापित करने के लिए ठोस कार्रवाई की जरूरत

जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन क्लब के बाहर हुई चाकूबाजी की घटना में युवक हिमांशु सिंह की मौत के बाद जन विकास मंच के प्रमुख एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सबसे चिंताजनक बात यह है कि जिस स्थान पर पुलिस की मौजूदगी थी, वहीं अपराधियों ने बेखौफ होकर हत्या जैसी वारदात को अंजाम दे दिया। सौरभ विष्णु ने कहा कि यदि अपराधियों में पुलिस और कानून का भय नहीं रह गया है तथा वे पुलिस के सामने ही हथियारों का इस्तेमाल करने का साहस कर रहे हैं, तो यह शहर की कानून-व्यवस्था की स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं आम लोगों के मन में असुरक्षा की भावना पैदा कर रही हैं।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : हिमांशु सिंह के परिजनों से मिला झामुमो प्रतिनिधिमंडल, जताई गहरी संवेदना

बढ़ते अपराध और पुलिस की प्राथमिकताओं पर उठाए सवाल

सौरभ विष्णु ने कहा कि जमशेदपुर में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है और शहर के भीड़भाड़ वाले तथा संवेदनशील इलाकों में भी लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चाकूबाजी, लूट, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन अपराध नियंत्रण की दिशा में अपेक्षित परिणाम नहीं दिख रहे हैं। उन्होंने कहा, “जनता को सुरक्षा चाहिए, सिर्फ चालान नहीं।” उनके अनुसार आम नागरिक भय के माहौल में जीवन व्यतीत कर रहे हैं, जबकि अपराधी खुलेआम हथियार लेकर घूम रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पुलिस अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित नहीं कर पाएगी तो जनता का भरोसा कैसे कायम रहेगा। साथ ही उन्होंने ट्रैफिक जांच और अपराध नियंत्रण के बीच संतुलन बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

इसे भी पढ़ें : Kiriburu : किरीबुरू में जंगली हाथी की दस्तक से दहशत, ड्रोन से निगरानी कर रहा वन विभाग

निष्पक्ष जांच और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग

जन विकास मंच प्रमुख ने कहा कि बिष्टुपुर जैसे प्रमुख व्यावसायिक और मनोरंजन क्षेत्र में देर रात तक क्लब और बार संचालित होते हैं, जहां बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होना आवश्यक है। उन्होंने मांग की कि डबल डाउन क्लब के बाहर हुई घटना की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर सभी दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। इसके अलावा मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका तथा किसी भी संभावित लापरवाही की भी जांच की जाए। उन्होंने प्रशासन से संवेदनशील इलाकों, क्लबों और देर रात तक संचालित प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा हथियारबंद अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की, ताकि लोगों के मन से भय दूर हो और कानून के प्रति विश्वास मजबूत हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!