अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मारवाड़ी जागृति शाखा ने किया योगाभ्यास, मां तारा मंदिर निर्माण में भी दिया सहयोग

चाईबासा: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मारवाड़ी जागृति शाखा द्वारा विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व शाखा की अध्यक्षा चंदा अग्रवाल ने किया। इस दौरान शाखा की सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

कार्यक्रम में योग के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और सकारात्मक जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला गया। उपस्थित सदस्यों ने योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अध्यक्षा चंदा अग्रवाल ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सुखमय जीवन जीने की एक महत्वपूर्ण पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी जिंदगी में योग हर व्यक्ति के लिए आवश्यक है तथा सभी को इसे अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान “योग अपनाएं, स्वास्थ्य और खुशहाली पाएं” तथा “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
योग दिवस के अवसर पर शाखा ने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए चाईबासा के टुंगरी स्थित निर्माणाधीन मां तारा मंदिर के लिए आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया। इसके साथ ही शाखा की सदस्यों ने मंदिर निर्माण कार्य में श्रमदान कर अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई।
सदस्यों ने कहा कि योग के साथ-साथ समाज सेवा भी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी उद्देश्य के साथ संस्था भविष्य में भी सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में अपनी भागीदारी निभाती रहेगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने योग को जीवन में अपनाने तथा समाज में स्वास्थ्य, सकारात्मकता और सेवा भावना का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।




