*महालया पर 10 अक्टूबर को होगा ‘महिषासुर मर्दिनी’ नृत्य नाटिका का मंचन*

चाईबासा: शारदा संगीतालय, चाईबासा की ओर से महालया के अवसर पर 10 अक्टूबर 2026 को ‘महिषासुर मर्दिनी नृत्य नाटिका’ का भव्य मंचन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शारदा संगीतालय परिसर में संस्था के सदस्यों, कलाकारों, शहर के गणमान्य नागरिकों और कला-संस्कृति प्रेमियों की बैठक हुई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कलाकारों की प्रस्तुति, मंच सज्जा, प्रकाश एवं ध्वनि व्यवस्था, वेशभूषा, कार्यक्रम स्थल की तैयारी, प्रचार-प्रसार और दर्शकों की सुविधा सहित कई विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम को बेहतर और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए उपस्थित लोगों ने अपने सुझाव दिए। साथ ही आयोजन से जुड़ी अलग-अलग जिम्मेदारियां संस्था के सदस्यों और संबंधित लोगों को सौंपी गईं।
शारदा संगीतालय की ओर से बताया गया कि ‘महिषासुर मर्दिनी’ नृत्य नाटिका केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं होगी, बल्कि इसके जरिए शक्ति, साहस और नारी सम्मान का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा। नृत्य नाटिका में मां दुर्गा के शक्ति स्वरूप को प्रस्तुत करते हुए बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया जाएगा।
महालया के अवसर पर होने वाली इस सांस्कृतिक प्रस्तुति में नृत्य, संगीत, अभिनय और रंगमंच का समन्वय देखने को मिलेगा। कार्यक्रम को लेकर चाईबासा शहर और आसपास के क्षेत्रों के कला, संस्कृति और संगीत प्रेमियों में उत्साह है।
संस्था की ओर से कला एवं संस्कृति प्रेमियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की गई है।
शारदा संगीतालय के निदेशक मानस राय ने बताया कि सामूहिक प्रयास और सहयोग से ‘महिषासुर मर्दिनी नृत्य नाटिका’ को चाईबासा के सांस्कृतिक परिदृश्य में एक यादगार आयोजन बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और आयोजन से जुड़े सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।




