अपराध नियंत्रण को मिलेगी रफ्तार, जमशेदपुर पुलिस बेड़े में शामिल हुए 40 नए पेट्रोलिंग वाहन

जमशेदपुर। अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए जमशेदपुर जिला पुलिस के बेड़े में 40 नए चार पहिया पेट्रोलिंग वाहन शामिल किए गए हैं। मंगलवार को गोलमुरी पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसएसपी एहतेशाम वकारिब ने वाहनों को हरी झंडी दिखाकर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और कंट्रोल रूम के लिए रवाना किया।

एसएसपी ने कहा कि झारखंड सरकार की ओर से उपलब्ध कराए गए इन नए वाहनों से जिला पुलिस की पेट्रोलिंग क्षमता में काफी बढ़ोतरी होगी। नए वाहनों का इस्तेमाल खास तौर पर संवेदनशील और अपराध प्रभावित इलाकों में नियमित गश्त के लिए किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इससे पहले जिला पुलिस को 89 मोटरसाइकिल और 51 चार पहिया पेट्रोलिंग वाहन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। अब 40 अतिरिक्त वाहनों के शामिल होने से पुलिस के संसाधन और मजबूत हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, नए वाहनों की मदद से अपराध की घटनाओं, आपात परिस्थितियों और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया को बेहतर बनाया जा सकेगा। जरूरत के अनुसार वाहनों को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों और कंट्रोल रूम में तैनात किया गया है।
नए पेट्रोलिंग वाहनों के सड़क पर उतरने से शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है। पुलिस विभाग का लक्ष्य संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के साथ आम लोगों की सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाना है।




