Jamshedpur

घाघीडीह में जमीन पर काम शुरू होते ही तीर-धनुष से हमला, मजदूरों को खदेड़ा

जमशेदपुर: के बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित घाघीडीह में जमीन विवाद ने रविवार को गंभीर रूप ले लिया। जमीन पर घर निर्माण की तैयारी के दौरान मजदूरों पर कथित तौर पर तीर-धनुष से हमला करने और मारपीट का आरोप लगा है। घटना के बाद मजदूरों और जेसीबी चालक को मौके से भागकर जान बचानी पड़ी।

जमीन मालिक निमिति बस्के के अनुसार, वर्ष 2009 में तीन लोगों ने मिलकर करीब 12 कट्ठा जमीन खरीदी थी। निर्माण कार्य को लेकर कुछ लोग लगातार विरोध कर रहे थे और जमीन पर अपना अधिकार जताते हुए काम रोकने का दबाव बना रहे थे।

विवाद के बाद जमशेदपुर अंचल कार्यालय से संपर्क कर जमीन से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत किए गए। शुक्रवार को सरकारी अमीन के माध्यम से जमीन की नापी भी कराई गई। इसके बाद रविवार को जेसीबी से घर निर्माण के लिए गड्ढा खोदने का काम शुरू कराया गया।

आरोप है कि इसी दौरान तीन-चार लोग मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का विरोध करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कथित तौर पर मजदूरों पर तीर-धनुष से हमला कर दिया गया। अचानक हुए हमले से मजदूरों में भगदड़ मच गई। जेसीबी चालक और अन्य मजदूर किसी तरह मौके से भाग निकले। जमीन मालिक ने मजदूरों के साथ मारपीट का भी आरोप लगाया है।

निमिति बस्के ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्य शुरू करने के बदले कथित रूप से रंगदारी की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं करने पर मजदूरों को धमकाने और काम बंद कराने का दबाव बनाया गया। उनका दावा है कि इससे पहले भी संबंधित लोगों के खिलाफ बागबेड़ा थाना में शिकायत की जा चुकी है।

घटना के बाद जमीन मालिक ने थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आशंका जताई है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर भविष्य में विवाद और गंभीर रूप ले सकता है।

फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे और जमीन पर अधिकार को लेकर वास्तविक स्थिति क्या है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!