Jamshedpur

टाटानगर-राउरकेला से कोसी-सीमांचल के लिए सीधी रेल सेवा की मांग, रेल मंत्री को विधायक पूर्णिमा साहू ने लिखा पत्र

जमशेदपुर: जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कोसी और सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। विधायक ने राउरकेला-टाटानगर-किऊल-मानसी-सहरसा-पूर्णिया-कटिहार के बीच सीधी नई रेल सेवा शुरू करने की मांग की है।

विधायक ने अपने पत्र में टाटानगर-सहरसा रेल सेवा समिति, आदित्यपुर, सरायकेला-खरसावां की जनहित से जुड़ी मांगों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कोसी एवं सीमांचल क्षेत्र के लाखों श्रमिक, विद्यार्थी, व्यापारी और नौकरीपेशा लोग रोजगार, शिक्षा, चिकित्सा एवं व्यवसाय के सिलसिले में टाटानगर, राउरकेला, चक्रधरपुर सहित झारखंड और ओडिशा के औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित आवागमन करते हैं।

वर्तमान में इन क्षेत्रों के बीच सीधी रेल सेवा नहीं होने के कारण यात्रियों को कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों, विद्यार्थियों और श्रमिकों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ता है।

पूर्णिमा साहू ने रेल मंत्री से राउरकेला-टाटानगर-किऊल-मानसी-सहरसा-पूर्णिया-कटिहार मार्ग पर दैनिक नई ट्रेन चलाने की मांग की है। साथ ही ट्रेन संख्या 28181/28182 को टाटानगर के बजाय राउरकेला से शुरू और समाप्त करने पर विचार करने का सुझाव दिया है।

विधायक ने यह भी प्रस्ताव दिया कि नई ट्रेन की स्वीकृति और परिचालन तक ट्रेन संख्या 28181/28182 को मानसी के बाद सप्ताह में कुछ दिनों के लिए सहरसा-मधेपुरा-पूर्णिया-कटिहार मार्ग से संचालित किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि सीधी रेल सेवा शुरू होने से कोसी-सीमांचल और जमशेदपुर-राउरकेला औद्योगिक क्षेत्र के बीच आवागमन आसान होगा। इसके साथ ही मखाना सहित विभिन्न कृषि उत्पादों के व्यापार और विपणन को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे रेलवे के राजस्व में वृद्धि की संभावना है।

विधायक पूर्णिमा साहू ने रेल मंत्री से जनहित और व्यावसायिक दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस रेल सेवा से झारखंड, ओडिशा और बिहार के बीच आर्थिक, औद्योगिक और सामाजिक संपर्क और मजबूत होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!