कोल्हान

पलाश शिक्षक प्रशिक्षण में कक्षा गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर जोर, 305 स्कूलों के 324 शिक्षकों ने लिया प्रशिक्षण

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में बच्चों की सीखने की क्षमता और शिक्षकों की दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से 18 से 21 अगस्त तक पलाश मल्टीलिंगुअल एजुकेशन (एमएलई) कार्यक्रम के तहत चार दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के 305 पलाश स्कूलों के कुल 324 शिक्षकों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण बिनसाई शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय और डायट चैनपुर में नौ बैचों में आयोजित किया गया। पहले दो दिनों में बहुभाषी शिक्षा, जबकि अगले दो दिनों में बुनियादी संख्या ज्ञान और गणित पर प्रशिक्षण दिया गया।

बहुभाषी शिक्षा के दौरान शिक्षकों को द्विभाषी पाठ्यपुस्तक, शिक्षक गाइड और विभिन्न बहुभाषी शिक्षण पद्धतियों के इस्तेमाल की जानकारी दी गई। मौखिक भाषा विकास, टीपीआर, डिकोडिंग, पढ़ना, लिखना और पढ़ने में प्रवाह जैसे विषयों पर भी अभ्यास कराया गया।

गणित सत्र में कक्षा एक और दो के बच्चों के लिए संख्या पहचान, गिनती, स्थानीय मान, जोड़-घटाव सहित अन्य अवधारणाओं को गतिविधि आधारित तरीके से सिखाने पर जोर दिया गया। मल्टी-ग्रेड टीचिंग के तहत शिक्षकों ने समूहों में लेसन प्लान तैयार किए और गतिविधियों का प्रदर्शन किया।

प्रशिक्षण में लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन की टीम ने तकनीकी सहयोग देते हुए शिक्षकों को पलाश की शिक्षण पद्धतियों, योजना निर्माण और कक्षा में प्रभावी इस्तेमाल के बारे में मार्गदर्शन दिया। समापन पर शिक्षकों को शिक्षण-अधिगम सामग्री और गतिविधि आधारित तरीकों का नियमित उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!