कोल्हान

*मतदाता सूची पुनरीक्षण के आवेदनों की उपायुक्त ने की सुपर चेकिंग, घर पहुंचकर किया भौतिक सत्यापन*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने चाईबासा विधानसभा क्षेत्र में प्राप्त आवेदनों की सुपर चेकिंग की। इस दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी बंधन लॉन्ग, सदर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार और संबंधित बीएलओ मौजूद रहे।

सुपर चेकिंग के दौरान उपायुक्त स्वयं आवेदकों के घर पहुंचे और मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम हटाने तथा व्यक्तिगत विवरणों में संशोधन के लिए प्राप्त आवेदनों का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने प्रपत्र-6, प्रपत्र-7 और प्रपत्र-8 के तहत प्राप्त आवेदनों में दर्ज जानकारियों की जांच की।

उपायुक्त ने आवेदकों से सीधे बातचीत कर उनका नाम, पिता का नाम, पता, जन्मतिथि सहित अन्य जरूरी जानकारियों का मिलान किया। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि आवेदन में दर्ज विवरण और आवेदक की ओर से दी गई जानकारी में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो।

इस दौरान मनीष कुमार ने निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के तहत प्राप्त प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से जांच करें। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी योग्य मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। साथ ही गलत या अपूर्ण जानकारी के आधार पर मतदाता सूची में किसी तरह की अनियमितता नहीं होनी चाहिए।

उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसका उद्देश्य प्रत्येक योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और दर्ज विवरणों को सही एवं अद्यतन रखना है। इसके लिए कागजी जांच के साथ जरूरत पड़ने पर आवेदकों के घर जाकर भौतिक सत्यापन भी किया जा रहा है।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए निर्धारित प्रपत्रों में सही जानकारी दें और निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग करें। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा सभी आवेदनों के निष्पक्ष निष्पादन की लगातार निगरानी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!