Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
Jamshedpurकोल्हान

कालियामकोचा झरना बना पर्यटकों का आकर्षण, सुरक्षा को लेकर स्थानीयों ने दी चेतावनी

डुमरिया। पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड अंतर्गत केंदुआ पंचायत में स्थित कालियामकोचा पहाड़ी झरना इन दिनों पर्यटकों और प्रकृति प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। घने जंगल और पहाड़ियों के बीच स्थित यह झरना करीब 150 से 200 फीट की ऊंचाई से गिरता है। सोशल मीडिया पर तस्वीरें और रील्स वायरल होने के बाद यहां पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, झरने की प्राकृतिक सुंदरता पर्यटकों को अपनी ओर खींच रही है। हालांकि, झरने के ऊपरी हिस्से और अन्य खतरनाक स्थानों पर जाने से लोगों को लगातार सावधान किया जा रहा है। पानी और चट्टानों पर फिसलन के कारण थोड़ी सी लापरवाही भी हादसे का कारण बन सकती है।

2024 में हो चुका है हादसा

स्थानीय लोगों के मुताबिक, वर्ष 2024 में रील बनाने के दौरान एक युवक की हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद से झरना क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोग पर्यटकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह देते हैं।

स्थानीयों ने पर्यटकों से अपील की है कि खतरनाक स्थानों पर जाकर सेल्फी और रील बनाने से बचें। साथ ही झरना क्षेत्र में गंदगी न फैलाने और स्थल की प्राकृतिक एवं धार्मिक मर्यादा बनाए रखने की भी अपील की गई है।

शाम चार बजे तक लौटने की अपील

कालियामकोचा झरना घने जंगल के बीच स्थित है। स्थानीय लोगों ने पर्यटकों से शाम चार बजे तक झरना स्थल से वापस लौटने का आग्रह किया है, ताकि अंधेरा होने के बाद आवागमन और सुरक्षा संबंधी परेशानियों से बचा जा सके। झरना डुमरिया प्रखंड मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर बताया जाता है।

प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर कालियामकोचा झरना क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ाता है। जरूरत है कि पर्यटक यहां की खूबसूरती का आनंद लेते हुए सुरक्षा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!