Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानचाईबासा

किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी, साइबर ठगों ने मांगे पैसे

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार के नाम और पहचान का दुरुपयोग कर साइबर अपराधियों ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बना ली है। इस फर्जी अकाउंट के जरिए लोगों को मैसेज भेजकर तत्काल मदद के नाम पर पैसे की मांग की जा रही है। साइबर ठग लोगों को भरोसे में लेकर ठगी का प्रयास कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, 19 अगस्त की रात किरीबुरू के एक युवक को भी फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से मैसेज भेजा गया। मैसेज में तत्काल मदद के नाम पर 1,000 रुपये की मांग की गई थी। पैसे भेजने के लिए साइबर अपराधियों ने मैसेज के साथ एक स्कैनर भी भेजा था।

हालांकि, युवक ने मैसेज और उसमें इस्तेमाल की गई भाषा एवं लिखने की शैली को देखकर तुरंत समझ लिया कि यह संदेश थाना प्रभारी रोहित कुमार की ओर से नहीं भेजा गया है। युवक ने सतर्कता बरतते हुए न तो पैसे ट्रांसफर किए और न ही भेजे गए स्कैनर का इस्तेमाल किया।

थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि कई परिचित लोगों ने उन्हें उनके नाम से बनाई गई फर्जी इंस्टाग्राम आईडी की जानकारी दी है। लोगों ने बताया कि साइबर अपराधी उनके नाम और पहचान का इस्तेमाल कर सोशल मीडिया के माध्यम से पैसे की मांग कर रहे हैं।

रोहित कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि उनके या किसी अन्य परिचित, अधिकारी अथवा पुलिस पदाधिकारी के नाम से सोशल मीडिया पर पैसे मांगने वाला कोई संदेश प्राप्त हो तो उस पर तुरंत विश्वास न करें। पैसे भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति से फोन पर संपर्क कर संदेश की पुष्टि जरूर करें।

उन्होंने लोगों को अनजान लिंक, क्यूआर कोड और स्कैनर के माध्यम से भुगतान करने से भी बचने की सलाह दी है। साइबर ठगी से बचने के लिए किसी भी संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट या मैसेज पर प्रतिक्रिया देने से पहले उसकी सत्यता जांचना बेहद जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!