कोल्हान

जिला कल्याण कार्यालय स्थापना समिति की बैठक, कर्मियों के स्थानांतरण पर निर्णय

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में बुधवार को जिला कल्याण कार्यालय स्थापना समिति की बैठक जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिला कल्याण कार्यालय में कार्यरत कर्मियों से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक एवं स्थापना संबंधी मामलों की समीक्षा की गई।

बैठक में परियोजना निदेशक, आईटीडीए जयदीप तिग्गा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सविता टोपनो, स्थापना उपसमाहर्ता कुमार हर्ष और कोषागार पदाधिकारी सुमित कुमार उपस्थित रहे।

कार्यहित को ध्यान में रखते हुए जिला कल्याण कार्यालय में कार्यरत लिपिकों और आदेशपालों के स्थानांतरण का निर्णय लिया गया। इसके अलावा कर्मियों को एसीपी और एमएसीपी का लाभ देने, सेवा संपुष्टि सहित अन्य सेवा संबंधी मामलों पर भी चर्चा की गई।

अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई के लिए निर्धारित प्रपत्र में आवश्यक प्रस्ताव उपलब्ध कराएं, ताकि पात्र कर्मियों को नियमानुसार देय लाभ प्रदान करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।

बैठक में कल्याण विभाग द्वारा संचालित आवासीय विद्यालयों में ऑपरेटरों की आवश्यकता और मांग पर भी विचार-विमर्श किया गया। विद्यालयों के सुचारु संचालन के लिए उपलब्ध मानव संसाधन की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई पर चर्चा हुई।

उपायुक्त मनीष कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी प्रशासनिक एवं सेवा संबंधी मामलों से जुड़े प्रस्ताव और प्रतिवेदन समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यहित और प्रशासनिक दक्षता को प्राथमिकता देते हुए विभागीय कार्यों के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!