
चाईबासा:- पश्चिमी सिंहभूम जिले के सेल मेघाहातुबुरु खदान क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं ने सेल कर्मियों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। 9 और 10 सितंबर की मध्य रात्रि अज्ञात चोरों ने सामुदायिक भवन (क्लब) और उसके बगल स्थित केबल टीवी कंट्रोल रूम का ताला तोड़कर हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
बताया गया कि वारदात से पहले चोरों ने सामुदायिक भवन के बाहर लगे दो बिजली खंभों की लाइट के तार नीचे से काट दिए। इससे पूरे परिसर में अंधेरा हो गया। इसके बाद अंधेरे का फायदा उठाकर चोर क्लब के मुख्य गेट के पास स्थित दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे।
चोरों ने क्लब के अंदर दो-तीन दरवाजों को खोलते हुए स्टोर रूम तक पहुंच बनाई। वहां रखे साउंड सिस्टम से जुड़े मिक्सचर मशीन, एम्पलीफायर, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और तीन हैलोजन लाइट चोरी कर ली गईं।
इसके बाद चोरों ने क्लब से सटे केबल टीवी कंट्रोल रूम को भी निशाना बनाया। कमरे का ताला तोड़कर चोर वहां से केबल तार और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। क्लब परिसर में चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मेघाहातुबुरु क्षेत्र में इससे पहले भी चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। इनमें मार्केट स्थित शराब दुकान, आसपास की दुकानों, प्रोस्पेक्टिंग क्षेत्र की एक दुकान और सेल के मेंटेनेंस ऑफिस में हुई चोरी की घटनाएं शामिल हैं।
लोगों का कहना है कि कुछ पूर्व की घटनाओं में संदिग्ध सीसीटीवी कैमरों में कैद भी हुए थे, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। लगातार चोरी की घटनाओं के कारण सेल कर्मियों, दुकानदारों और आम लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस और संबंधित प्रबंधन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।




