*प्रोजेक्ट प्राण के तहत नवउन्नत पेटेता पंचायत सचिवालय का विधायक सोनाराम सिंकु ने किया पुनः लोकार्पण*

चाईबासा: नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत पेटेता पंचायत में बुधवार को प्रोजेक्ट प्राण के तहत नवउन्नत पंचायत सचिवालय का विधिवत पुनः लोकार्पण किया गया। इसका उद्घाटन जगन्नाथपुर विधायक सह उप मुख्य सचेतक, सत्तारूढ़ दल एवं पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष सोनाराम सिंकु ने किया।
इस अवसर पर विधायक सोनाराम सिंकु ने पंचायत सचिवालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि पंचायत सचिवालय ग्रामीणों के लिए प्रशासनिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण इकाई है। इसके बेहतर और आधुनिक होने से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं तथा विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।
उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर सुविधाओं को बेहतर बनाना जरूरी है, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान और सरकारी कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। प्रोजेक्ट प्राण के तहत पंचायत सचिवालय का उन्नयन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे पंचायत की प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी और ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों की अच्छी भागीदारी रही। सभी ने पंचायत सचिवालय के उन्नयन को क्षेत्र के विकास के लिए उपयोगी पहल बताया।
मौके पर पेटेता मुखिया जेना पूर्ति, नोवामुंडी कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मंजीत प्रधान, रंजीत गगराई, रोशन पान, हरीश पान, बबलू गोप, संतोष नाग, प्रकाश गोप, दीपक गोप और अशोक गोप समेत सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।




