
चाईबासा नगर परिषद ने लगातार हो रही भारी बारिश और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नगर क्षेत्र में चेतावनी जारी की है। तटवर्ती बस्तियों और नदी के आसपास रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
नगर परिषद की ओर से मुनादी और लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को संभावित बाढ़ की स्थिति के प्रति जागरूक किया जा रहा है। नागरिकों से प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और नदी किनारे जाने से बचने की अपील की गई है।
नगर परिषद ने निचले और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों से जलस्तर बढ़ने की स्थिति में तत्काल सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर जाने को कहा है। लोगों को बहते पानी और जलजमाव वाले क्षेत्रों में प्रवेश नहीं करने की सख्त सलाह दी गई है।
अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। बच्चों को नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने या खेलने से रोकने को कहा गया है।
नगर परिषद ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाने और आसपास के लोगों को भी सतर्क करने को कहा गया है।
नगर परिषद ने बताया कि क्षेत्र की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। संभावित आपदा की स्थिति में आवश्यक राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। नागरिकों से आवश्यकता पड़ने पर नगर परिषद कार्यालय से संपर्क करने की अपील की गई है।




