Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानचाईबासा

मंझारी में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, आरोपी चालक फरार

चाईबासा: प्रकाश गुप्ता:सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र में रविवार रात सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान भागाबिला गांव निवासी सुंदरा बिरूवा के रूप में हुई है। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सुंदरा बिरूवा रविवार को नीचे टोला गांव में पुजारी से मिलने गए थे। रात करीब आठ बजे वे पैदल अपने घर भागाबिला लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें मंझारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मंझारी पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सोमवार को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों के अनुसार, बाइक चालक ताड़ापाई गांव का रहने वाला बताया जा रहा है, हालांकि अभी तक उसका नाम और पूरा पता सामने नहीं आया है।

मंझारी थाना प्रभारी दिलीप माझी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी बाइक चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है। हादसे के बाद भागाबिला गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहन चालकों पर कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!