
गुवा संवाददाता: गुवा थाना क्षेत्र में रविवार को 13 वर्षीय छात्र के लापता होने से हड़कंप मच गया। लापता छात्र गुवा स्थित डीएवी स्कूल की सातवीं कक्षा में पढ़ता है और फैब्रिकेशन निवासी साकेत पान का पुत्र बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, छात्र रविवार दोपहर करीब तीन बजे ट्यूशन जाने की बात कहकर स्कूल बैग लेकर घर से निकला था। इसके बाद वह भट्टीसाई क्षेत्र में अपने दो दोस्तों के साथ खेलने लगा। खेल के दौरान उसने दोनों दोस्तों से नदी की ओर चलने को कहा, लेकिन दोनों ने मना कर दिया। इसके बाद छात्र अकेले नदी की ओर चला गया।
नदी किनारे पहुंचने के बाद उसने अपनी पैंट और चप्पल उतार दी। दोस्तों ने उसे वापस आने के लिए कहा, लेकिन वह उनके साथ नहीं लौटा। कुछ देर बाद दोनों दोस्त वापस जाने लगे। कुछ दूर पहुंचने के बाद पीछे मुड़कर देखा तो छात्र वहां दिखाई नहीं दिया। इसके बाद उन्होंने बस्ती पहुंचकर करीब चार बजे लोगों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग नदी किनारे पहुंचे और छात्र की तलाश शुरू की। प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ कारों नदी में काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन देर शाम तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल सका।
लगातार बारिश के कारण कारों नदी इस समय उफान पर है। थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि नदी में काफी खोजबीन की गई, लेकिन छात्र का पता नहीं चल पाया है। सोमवार सुबह फिर से तलाश अभियान चलाया जाएगा।
घटना के बाद छात्र के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने लोगों से बारिश के दौरान नदी में नहाने और मछली पकड़ने के लिए नदी में नहीं जाने की अपील की है।
नोट: छात्र के नदी में डूबने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन उसके संबंध में आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।




