
चाईबासा:प्रकाश गुप्ता: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी प्रखंड क्षेत्र के भ्रमण के दौरान गुरुवार को मनोहरपुर विधायक जगत माझी ने बिरकेल पंचायत के अंतर्गत कारो नदी पर निर्माणाधीन उच्चस्तरीय पुल का निरीक्षण किया। बारिश के बीच विधायक ने निर्माण स्थल का जायजा लेते हुए पुल निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान बताया गया कि पुल निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। निर्धारित लक्ष्य के अनुसार अक्टूबर 2026 में पुल का उद्घाटन कर इसे क्षेत्र की जनता को समर्पित करने की तैयारी है।
कारो नदी पर पुल नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। नदी का जलस्तर बढ़ने पर ग्रामीणों को कई बार जोखिम उठाकर नदी पार करनी पड़ती थी। पुल निर्माण पूरा होने के बाद वर्षों पुरानी यह समस्या दूर होने की उम्मीद है।
ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए सिंहभूम सांसद जोबा माझी और मनोहरपुर विधायक जगत माझी ने पुल निर्माण की स्वीकृति दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की थी। पुल बनने के बाद बिरकेल, बांदु, पिंडिंग समेत दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
खासकर बरसात के मौसम में ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन का लाभ मिलेगा। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए ग्रामीणों की आवाजाही भी आसान होगी। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि पुल के उद्घाटन के बाद क्षेत्र के विकास और संपर्क व्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।




