
बड़ाजामदा:प्रकाश गुप्ता: बुधवार देर रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण बड़ाजामदा, नोवामुंडी, किरीबुरू, गुवा समेत पूरे सारंडा क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति गंभीर बनी हुई है। बड़ाजामदा-नोवामुंडी मुख्य सड़क के भट्टीसाई इलाके में काफी पानी जमा होने से वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही है।

बड़ाजामदा के कई निचले इलाकों में बारिश का पानी घरों में घुस गया है। अचानक जलभराव के कारण लोगों को घरेलू सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ परिवार सुरक्षा के मद्देनजर ऊंचे स्थानों की ओर चले गए हैं।
लगातार बारिश के कारण स्थिति और बिगड़ने की आशंका है। सड़कों पर पानी जमा होने से पैदल यात्रियों के साथ दोपहिया और छोटे वाहनों को भी परेशानी हो रही है। कई स्थानों पर पर्याप्त जलनिकासी नहीं होने से समस्या बढ़ गई है।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूलों में भी छुट्टी कर दी गई है। स्थानीय लोगों ने जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नालियों और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।




