
चाईबासा:प्रकाश गुप्ता: अखिल भारतीय खटिक समाज की जिला कार्यकारिणी समिति की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को चाईबासा स्थित बालाजी होटल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष भैया लाल सोनकर ने की। इस दौरान समाज के विकास, आपसी सहयोग, सामाजिक एकजुटता और बच्चों की शिक्षा को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में समाज के ऐसे लोगों और परिवारों को सहयोग देने का निर्णय लिया गया, जो किसी कारणवश सामाजिक और आर्थिक रूप से पीछे रह गए हैं। सदस्यों ने कहा कि समाज के प्रत्येक परिवार और व्यक्ति को एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़ा रहना चाहिए। शादी-विवाह, व्यवसाय, घर-गृहस्थी तथा अन्य जरूरतों के समय आपसी सहयोग और एकजुटता बनाए रखने पर जोर दिया गया।
शिक्षा को दी गई विशेष प्राथमिकता
बैठक में बच्चों की शिक्षा को समाज के विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए विशेष प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। सदस्यों ने कहा कि समाज की नई पीढ़ी को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है। अभिभावकों को भी बच्चों की पढ़ाई के प्रति जागरूक करने और उनकी शिक्षा में हरसंभव सहयोग देने की बात कही गई।
बैठक में प्रदेश स्तर के सदस्यों के अलावा धनबाद से पहुंचे समाज के सदस्य भी शामिल हुए। जिला कमेटी की ओर से धनबाद से आए सदस्यों का फूल-माला पहनाकर स्वागत और अभिनंदन किया गया। इस दौरान समाज की वर्तमान स्थिति और भविष्य में विकास को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
जरूरतमंद परिवारों की मदद का निर्णय
समाज के सदस्यों ने कहा कि मजबूत और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए आपसी सहयोग और एकता जरूरी है। बैठक में जरूरतमंद परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा समाज के सभी लोगों को एकजुट होकर विकास के कार्यों में भागीदारी निभाने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर भैरवनाथ सोनकर, काशीनाथ सोनकर, देवराज सोनकर, शनि सोनकर, राहुल सोनकर, गोरा सोनकर, भोनू सोनकर, दिनेश सोनकर, बब्बू सोनकर, राजू सोनकर, राजेश सोनकर, वीरेंद्र सोनकर और शंकर सोनकर सहित सोनकर समाज से जुड़े सैकड़ों कार्यकर्ता एवं सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में समाज के लोगों ने आपसी एकता, शिक्षा को बढ़ावा देने और जरूरतमंदों के सहयोग के साथ खटिक समाज को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।




