कोल्हानचाईबासा

अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर महिला कॉलेज में स्वास्थ्य जागरूकता सत्र, छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश

चाईबासा:प्रकाश गुप्ता: अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर महिला कॉलेज, चाईबासा की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई की ओर से बुधवार को स्वास्थ्य जागरूकता सत्र एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं एवं महाविद्यालय परिवार को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

सुबह 11 बजे से आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में सदर अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर अर्चना परेया, मधुसूदन बोरा, अंजुसिनी प्रकाश, दीपक कुमार महतो, हेमलता पूर्ति, झुमुर भूमिक, रेनू सुमित कोंगाड़ी, सरोन लाकड़ा एवं सोनी दास ने सहयोग किया। शिविर में महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच की गई।

दोपहर एक बजे छात्राओं के लिए स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अंजना खलखो ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का स्वागत किया। इस दौरान डॉ. अर्पित सुमन टोप्पो ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। स्वस्थ युवा ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम में सदर अस्पताल के उपाध्यक्ष डॉ. शिवचरण हांसदा एवं नेशनल ट्रेनर डॉ. जगन्नाथ हेम्ब्रम ने छात्राओं को स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। डॉ. शिवचरण हांसदा ने दैनिक दिनचर्या में सुधार कर स्वास्थ्य बेहतर बनाए रखने के उपाय बताए। साथ ही कम उम्र में विवाह से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं और नशे की लत के दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी।

वहीं डॉ. जगन्नाथ हेम्ब्रम ने स्वास्थ्य के व्यापक स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ रहने के लिए व्यक्ति का शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ होना जरूरी है। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के उपाय बताए और छात्राओं को संतुलित एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में डॉ. सुचिता बाड़ा, डॉ. ललिता सुंडी, सोनमई सुंडी, सितेंद्र रंजन सिंह, मदन मोहन मिश्रा सहित अन्य प्राध्यापक एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में मनीषा बिरुआ ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए अतिथियों, स्वास्थ्यकर्मियों, प्राध्यापकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!