जातिसूचक गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप, विद्युतकर्मी ने डुमरिया थाना में दिया आवेदन

डुमरिया: डुमरिया थाना क्षेत्र में विद्युत विभाग के एक लाइनमैन ने जातिसूचक गाली-गलौज, अभद्र भाषा के इस्तेमाल और धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाना प्रभारी को लिखित आवेदन दिया है। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

पुनासिवाद गांव निवासी करन टुडू विद्युत विभाग में लाइनमैन के पद पर कार्यरत हैं। थाना में दिए आवेदन के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को हतिभारी गांव निवासी सूखेन्दु विकास पानी ने उन्हें फोन कर संखो महापात्र के नवनिर्मित भवन में बिजली का तार एवं कनेक्शन जोड़ने को लेकर बातचीत की।
करन टुडू का आरोप है कि उन्होंने फोन पर कहा कि संखो महापात्र के कहने पर वह बिजली कनेक्शन जोड़ देंगे। इसी बात को लेकर कथित तौर पर सूखेन्दु विकास पानी नाराज हो गए और उनके साथ जातिसूचक एवं अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बातचीत के दौरान आदिवासी समाज को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया तथा करन टुडू को धमकी भी दी गई।
मामले को लेकर विद्युतकर्मी ने थाना प्रभारी से घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच, आरोपों के सत्यापन और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




