प्रपत्र-6 और 8 के डिजिटाइजेशन को लेकर आईटी इंस्ट्रक्टरों को दिया प्रशिक्षण

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत आईटी इंस्ट्रक्टरों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत आईटी इंस्ट्रक्टरों को मतदाता सूची से संबंधित प्रपत्र-6 एवं प्रपत्र-8 के डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान प्रपत्रों में दर्ज विवरणों की ऑनलाइन प्रविष्टि, आंकड़ों की शुद्धता, अभिलेखों के उचित संधारण और निर्धारित प्रक्रिया के पालन से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्राप्त आवेदनों तथा दावों-आपत्तियों से संबंधित प्रपत्रों का समयबद्ध और त्रुटिरहित डिजिटाइजेशन निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
आईटी इंस्ट्रक्टरों को डिजिटाइजेशन के दौरान आने वाली संभावित तकनीकी समस्याओं और उनके समाधान के बारे में भी बताया गया। साथ ही निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन करने का निर्देश दिया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य उपलब्ध मानव संसाधन और तकनीकी क्षमता का बेहतर उपयोग करते हुए डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाना तथा निर्वाचन संबंधी आंकड़ों को व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण डिजिटल स्वरूप प्रदान करना है। जिला प्रशासन की ओर से विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संबंधित कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।




