Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानचाईबासा

मेरठ से तीन लापता लड़कियां सकुशल बरामद, गुवा पुलिस ने GRP के सहयोग से की कार्रवाई

चाईबासा।प्रकाश गुप्ता : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र से लापता हुई एक नाबालिग युवती समेत जिले की तीन लड़कियों को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मेरठ से सकुशल बरामद कर लिया है। गुवा पुलिस की टीम ने स्थानीय GRP पुलिस मेरठ के सहयोग से कार्रवाई करते हुए तीनों लड़कियों को बरामद किया और उन्हें गुवा थाना लेकर पहुंची। पुलिस की इस कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है।

जानकारी के अनुसार, गुवा थाना क्षेत्र के लिपुंगा गांव निवासी मादो चाम्पिया ने अपनी बेटी सुबनी चाम्पिया के लापता होने को लेकर 1 अगस्त 2026 को गुवा थाना में लिखित आवेदन दिया था। आवेदन में बताया गया कि उनकी बेटी करीब दो सप्ताह पहले बिना बताए घर से चली गई थी। परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

मामले की सूचना मिलने के बाद गुवा थाना में दैनिकी सन्हा दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी सहायक अवर निरीक्षक भुवनेश्वर महतो को सौंपी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किरीबुरू विनित किन्डो के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस टीम को महत्वपूर्ण सुराग मिला कि लापता लड़कियां काम करने के उद्देश्य से मेरठ गई हैं। इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम 4 अगस्त 2026 को मेरठ के लिए रवाना हुई।

मेरठ पहुंचने के बाद पुलिस टीम ने स्थानीय स्तर पर लगातार जांच-पड़ताल की। इस दौरान GRP पुलिस मेरठ के सहयोग से गुवा थाना क्षेत्र से लापता सुबनी चाम्पिया के साथ-साथ पश्चिमी सिंहभूम जिले की दो अन्य लड़कियों को भी बरामद कर लिया गया।

बरामद लड़कियों में गनोर हेम्ब्रम, उम्र 16 वर्ष, पिता पान्डु चाम्पिया, ग्राम कदा जामदा टोला पीछुवा, थाना नोवामुंडी; सुबनी चाम्पिया, उम्र 17 वर्ष, पिता मादो चाम्पिया, ग्राम लिपुंगा, थाना गुवा; तथा नामसी चाम्पिया, उम्र 21 वर्ष, पिता डोंका चाम्पिया शामिल हैं। इनमें नामसी चाम्पिया बालिग हैं।

पुलिस टीम तीनों लड़कियों को सकुशल बरामद करने के बाद गुवा थाना लेकर पहुंची। मामले में पुलिस द्वारा आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किरीबुरू विनित किन्डो, गुवा थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक नीतीश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक भुवनेश्वर महतो, महिला आरक्षी 427 सुशीला माई कुदादा, आरक्षी 1403 सतीश कुमार सिंह समेत गुवा थाना के अन्य सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मेरठ GRP के सहयोग से तीनों लड़कियों की सकुशल बरामदगी को लेकर परिजनों में राहत का माहौल है। पुलिस मामले की परिस्थितियों और लड़कियों के मेरठ पहुंचने से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!