Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

चाईबासा में आज से जुटेंगे झारखंड के 355 योग प्रतिभागी, 8-9 अगस्त को होगी राज्य स्तरीय योग प्रतियोगिता

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला योग एवं स्पोर्ट्स संगठन के तत्वावधान में 8 और 9 अगस्त को चाईबासा के पिल्लई टाउन हॉल में राज्य स्तरीय योग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में झारखंड के सभी 24 जिलों से कुल 355 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

राज्य योग संगठन के अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि प्रतियोगिता शनिवार सुबह 9 बजे से शुरू होगी और देर शाम तक चलेगी। इसका विधिवत उद्घाटन सुबह 11 बजे अतिथियों द्वारा किया जाएगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने जिलों में आयोजित योग प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर यहां तक जगह बनाई है।

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बाहर से आने वाले प्रतिभागियों के ठहरने की व्यवस्था स्थानीय रूंगटा मैरिज हाउस और राजस्थान भवन में की गई है। उनके भोजन सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था आयोजकों की ओर से की गई है। आयोजन को सफल बनाने के लिए पश्चिमी सिंहभूम योग संगठन के सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जिला योग संगठन के अध्यक्ष दीपक प्रसाद ने बताया कि प्रतियोगिता के मुख्य प्रायोजक एस.आर. रूंगटा ग्रुप हैं। उनके सहयोग से जिले में बड़े स्तर पर इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता से जिले में योग के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।

सुबह निकलेगी योग जागरूकता रैली

प्रतियोगिता के पहले दिन शनिवार सुबह 7:30 बजे योग जागरूकता रैली भी निकाली जाएगी। रैली के माध्यम से लोगों को नियमित योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जाएगा।

आयोजकों ने जिलेवासियों से राज्य स्तरीय योग प्रतियोगिता में पहुंचकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!