मनोहरपुर में जलजमाव से नारकीय स्थिति, गंदगी से संक्रमण का खतरा

मनोहरपुर। बारिश के बाद मनोहरपुर में जलजमाव, कीचड़ और कूड़े-कचरे के ढेर ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शहर के कई हिस्सों में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर गंदा पानी जमा हो गया है।

सबसे अधिक खराब स्थिति साप्ताहिक हाट परिसर, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर के आसपास बनी हुई है। यहां जगह-जगह कूड़ा-कचरा जमा होने के साथ कीचड़ और गंदे पानी के कारण दुर्गंध फैल रही है। राहगीरों और स्थानीय लोगों को आने-जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से जमा गंदगी के कारण संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। खासकर सीएचसी परिसर के आसपास ऐसी स्थिति स्वास्थ्य के लिहाज से चिंता का विषय बनी हुई है।
लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जलजमाव की समस्या दूर करने, नालियों की सफाई कराने और कूड़े-कचरे का उठाव सुनिश्चित करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है।




