परख ओलंपियाड में 315 मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, उपायुक्त बोले- शिक्षा ही सफलता की सबसे बड़ी पूंजी

चाईबासा: कोल्हान विश्वविद्यालय के सभागार में सोमवार को आयोजित परख ओलंपियाड सम्मान समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 315 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मनीष कुमार एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

अपने संबोधन में उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि शिक्षा से बड़ा कोई धन नहीं होता और सफलता का सबसे मजबूत आधार कठिन परिश्रम, अनुशासन तथा आत्मविश्वास है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय जाने, ग्रुप स्टडी अपनाने, डिजिटल माध्यमों का सकारात्मक उपयोग करने तथा नशापान एवं अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील की।

उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं विद्यार्थियों के भविष्य की मजबूत नींव होती हैं। इसलिए सभी छात्र-छात्राएं समय का सदुपयोग करें, शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें और बेहतर परिणाम प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित करें। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों के मार्गदर्शन का सम्मान करते हुए जीवन में ऊंचे लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने की सलाह दी।
उपायुक्त ने जिला प्रशासन की ‘प्रोजेक्ट चेंज’ पहल की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, नशामुक्ति, तंबाकू निषेध, खाद्य सुरक्षा, गैर-संचारी रोग, स्वच्छता, जल एवं पर्यावरण संरक्षण, घरेलू हिंसा, बाल विवाह, बाल एवं यौन शोषण की रोकथाम, एनीमिया, टीबी उन्मूलन, वृक्षारोपण, सीपीआर, कुपोषण, सार्वजनिक पुस्तकालयों के उपयोग, सरकारी शैक्षणिक संस्थानों, रोजगार, आजीविका और कौशल विकास जैसे विषयों पर विद्यार्थियों एवं समाज को जागरूक किया जा रहा है।
समारोह में कुल 315 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही जानकारी दी गई कि अगले चरण में परख ओलंपियाड के शीर्ष 500 विद्यार्थियों के लिए विषयवार परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिससे उनकी शैक्षणिक क्षमता का बेहतर मूल्यांकन और मार्गदर्शन किया जा सके।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, प्रशिक्षु आईएएस, गोपनीय उपसमाहर्ता, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




