Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

उत्क्रमित उच्च विद्यालय टूटूगुटू में मुंशी प्रेमचंद जयंती पर साहित्यिक आयोजन, ‘बड़े भाई साहब’ का सजीव मंचन बना आकर्षण

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय, टूटूगुटू में शुक्रवार को कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद की जयंती साहित्यिक गरिमा के साथ मनाई गई। इप्टा (इंडियन पीपुल्स थिएटर एसोसिएशन) चाईबासा के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और इप्टा के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रख्यात स्टोरीटेलर एवं टीवी अभिनेता दिनकर शर्मा द्वारा मुंशी प्रेमचंद की प्रसिद्ध कहानी ‘बड़े भाई साहब’ का सजीव नाट्य मंचन रहा। लगभग आधे घंटे तक चली इस प्रस्तुति ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को भावुक कर दिया। बच्चों ने पूरी तन्मयता से कहानी का आनंद लिया और तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकार का उत्साह बढ़ाया।

विद्यालय के प्राचार्य मानस गोराई ने कहा कि आठवीं कक्षा के पाठ्यक्रम में शामिल इस कहानी का मंचन विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी रहा। इससे बच्चों में साहित्य के प्रति रुचि बढ़ेगी और वे पाठ्य सामग्री को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने प्रेमचंद के साहित्य की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर भी प्रकाश डाला। इप्टा चाईबासा के संस्थापक सदस्य तरुण मोहम्मद ने प्रेमचंद के साहित्य को समाज निर्माण का सशक्त माध्यम बताया। सचिव संजय चौधरी ने कहा कि प्रेमचंद की कहानियां आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रही हैं। शीतल सुगंधिनी बागे ने प्रेमचंद के जीवन संघर्ष और साहित्यिक योगदान पर प्रकाश डाला, जबकि अध्यक्ष कैसर परवेज ने विद्यार्थियों से प्रेमचंद के विचारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में इप्टा के पदाधिकारियों, विद्यालय के शिक्षकों एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। अंत में साहित्य, शिक्षा और सामाजिक मूल्यों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!