Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा घोटाले के विरोध में भाजयुमो का मशाल जुलूस, निष्पक्ष जांच और पारदर्शी भर्ती की उठी मांग

चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो), पश्चिमी सिंहभूम की ओर से शुक्रवार को जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा घोटाले एवं पेपर लीक के विरोध में शहर में मशाल जुलूस निकाला गया। यह कार्यक्रम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश तथा भाजयुमो प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित किया गया।

मशाल जुलूस पोस्ट ऑफिस चौक से शुरू होकर जैन मार्केट और काली मंदिर मार्ग होते हुए पुनः पोस्ट ऑफिस चौक पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और युवाओं को न्याय दिलाने की मांग को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

भाजयुमो के जिला अध्यक्ष चंद्र मोहन तिउ ने कहा कि रांची के बापू वाटिका में लाखों छात्र-छात्राएं कई दिनों से निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था, भविष्य की सुरक्षा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं, लेकिन राज्य सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही के कारण वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे गरीब, ग्रामीण और आदिवासी युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। भाजयुमो ने जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा से जुड़े सभी मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने की मांग की। साथ ही सरकार से आंदोलनरत छात्रों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान करने की अपील की गई।

संगठन ने घोषणा की कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार 1 अगस्त 2026 को पश्चिमी सिंहभूम जिला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। भाजयुमो ने सभी युवाओं से लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से इस अभियान में शामिल होने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को पूरे राज्य में और व्यापक रूप दिया जाएगा।

मशाल जुलूस में पूर्व विधायक जवाहरलाल बानरा, भूषण पाट पिंगुवा, रमेश खिरवाल, सतीश पुरी, पवन शर्मा, रूपा सिंह दास, हेमंत केसरी, राकेश शर्मा बबलू, मुकेश कुमार लल्लू, विप्लव सिंह, प्रताप कटियार महतो, जगदीश निषाद, अक्षय खत्री, अमित सिंह, अंगद साव, अजय देवगम, डोली कर, संजय आखाड़ा, विष्णु मिंज, सुशील कुमार, मनोज आजाद, अभिषेक जायसवाल, पंकज सिंह, दुर्योधन पान, दीपक पोद्दार सहित बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!