Baharagoda : बरसोल थाना क्षेत्र से नाबालिग लड़की लापता, परिजनों ने डाकघर कर्मी पर लगाया बहलाने-फुसलाने का आरोप
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर शुरू की जांच, परिजनों ने सकुशल बरामदगी की लगाई गुहार

- नाबालिग की तलाश तेज, सभी पहलुओं की हो रही जांच
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के बरसोल थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में लड़की के पिता मुक्ति कुमार सोम ने बरसोल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस संख्या 19/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दर्ज शिकायत के अनुसार, 15 जुलाई की रात नाबालिग अपने घर से अचानक लापता हो गई। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है और परिजन लगातार बेटी की खोजबीन में जुटे हुए हैं।
इसे भी पढ़ें : Potka : हल्दीपोखर में हाई मास्क लाइट लगाने की मांग, मुखिया ने सांसद को सौंपा ज्ञापन
शिकायत के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
परिजनों ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि गोपालपुर डाकघर में कार्यरत एक चपरासी (पिऑन) लड़की को कथित रूप से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से बेटी की सकुशल एवं शीघ्र बरामदगी की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बरसोल थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




