Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
Uncategorized

इंटरनेशनल चेस डे पर इंटर स्कूल शतरंज प्रतियोगिता, कुश मूंदड़ा बने चैंपियन

चाईबासा: इंटरनेशनल चेस डे के अवसर पर पश्चिम सिंहभूम जिला शतरंज संघ द्वारा आयोजित इंटर स्कूल शतरंज प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न स्कूलों के 105 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सात चक्रों में 10 मिनट + 5 सेकंड इंक्रीमेंट के टाइम फॉर्मेट पर आयोजित प्रतियोगिता में डीएवी स्कूल के कुश मूंदड़ा ने 6.5 अंक हासिल कर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।

डीएवी स्कूल की समृद्धि प्रिया 6 अंकों के साथ उपविजेता रहीं। वहीं देराज कुमार और गणेश सिंकू ने 6-6 अंक अर्जित कर क्रमशः तीसरा और चौथा स्थान हासिल किया।

विभिन्न आयु वर्गों के विजेताओं में अंडर-7 बालिका वर्ग में शनाया सिंह प्रथम एवं मैहर बॉस द्वितीय, अंडर-7 बालक वर्ग में श्रेयांश बहरा प्रथम एवं अद्वितीय राज द्वितीय रहे। अंडर-9 बालिका वर्ग में प्रज्ञा कुमारी प्रथम और काव्य मुंडू द्वितीय, जबकि अंडर-9 बालक वर्ग में रितिक कुमार शाह प्रथम एवं विवान अग्रवाल द्वितीय स्थान पर रहे।

अंडर-11 बालिका वर्ग में पेलिन मुंडा प्रथम और तनिष्का प्रजापति द्वितीय रहीं। अंडर-11 बालक वर्ग में आह्वान मजूमदार प्रथम तथा अरूप वनीत सुंडी द्वितीय रहे। अंडर-13 बालिका वर्ग में श्रेयांसी बहरा प्रथम रहीं, जबकि अंडर-13 बालक वर्ग में एमडी जीशान प्रथम और अश्विन गुप्ता द्वितीय स्थान पर रहे।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. विजय मुंद्रा, संघ के उपाध्यक्ष जहांगीर आलम और जयदेव चंद्र त्रिपाठी ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। डॉ. विजय मुंद्रा ने कहा कि भारत के 99 खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय ग्रैंडमास्टर बन चुके हैं और उम्मीद जताई कि पश्चिम सिंहभूम के खिलाड़ी भी भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगे।

संघ के महासचिव बसंत खंडेलवाल ने बताया कि द्वितीय रुंगटा सीमेंट इंटरनेशनल फीडे रेटिंग शतरंज टूर्नामेंट के लिए अब तक कई राज्यों के 120 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। यह प्रतियोगिता 30 सितंबर से 4 अक्टूबर तक चाईबासा के खिरवाल बैंक्विट हॉल में आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान झारखंड सीनियर एवं जूनियर राज्य शतरंज चैंपियन चाईबासा के 17 वर्षीय तनिष्क कुमार हैं।

कार्यक्रम के दौरान संघ के अध्यक्ष मुकुंद रूंगटा ने आयोजन समिति, खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों की सराहना की। इस अवसर पर मनीष शर्मा, पुरुषोत्तम सराफ, सुब्रत चंद्र त्रिपाठी, सूरज टीयू, हर्ष शर्मा, विनीत कुमार, श्रीकांत मुंद्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!