Baharagoda : मानुषमुड़िया में झारखंड आंदोलनकारी सुरेंद्र नाथ हांसदा को श्रद्धांजलि
जाहेरगढ़ में आयोजित सभा में लोगों ने किया नमन, स्मृति में प्रतिमा स्थापित करने का लिया निर्णय

- संघर्ष और योगदान को किया गया याद
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत मानुषमुड़िया जाहेरगढ़ में रविवार को झारखंड आंदोलनकारी स्वर्गीय सुरेंद्र नाथ हांसदा की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुखिया विधान चंद्र मंडी ने की। सभा में उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय हांसदा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। वक्ताओं ने झारखंड आंदोलन में उनके योगदान, संघर्ष और सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद करते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र और राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके कार्य और विचार आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय ने तीन शोधार्थियों को प्रदान की पीएच.डी. उपाधि
जाहेरगढ़ में स्थापित होगी भव्य प्रतिमा
सभा के दौरान वक्ताओं ने बताया कि स्वर्गीय सुरेंद्र नाथ हांसदा जाहेरगढ़ के संरक्षक भी थे और इस पवित्र स्थल के विकास में उनकी अहम भूमिका रही थी। उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से जाहेरगढ़ परिसर में उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर उनकी पत्नी मालती हांसदा सहित सागेन हांसदा, शाम मुर्मू, आदित्य प्रधान, स्वपन महतो, राम मुर्मू, हरिशंकर महतो, दानगी सोरेन, मंजू टुडू, सीलु मुर्मू, मंडल हेंब्रम और दीपक सोरेन समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने उनके अधूरे सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया।




