Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
Uncategorized

Chaibasa : दीवार गिरने से दिव्यांग युवती की मौत, दातुन करते समय हुआ दर्दनाक हादसा

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत तांतनगर ओपी के बामे हुटूब गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 33 वर्षीय दिव्यांग युवती की मौत हो गई। मृतका की पहचान सुखमति बानरा के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, सुखमति बानरा अपने घर के बाहर दातुन कर रही थी। इसी दौरान अचानक कच्चे मकान की दीवार भरभराकर उसके ऊपर गिर गई। दीवार के मलबे में दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के समय तेज आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाया और सुखमति को बाहर निकाला।

मृतका के जीजा चन्द्र भूषण बिरुवा ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद वाहन की व्यवस्था कर सुखमति को इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कच्चे मकान की दीवार काफी कमजोर हो गई थी। आशंका है कि बारिश के कारण दीवार की मजबूती कम हो गई और अचानक वह ढह गई। जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय सुखमति घर के बाहर दातुन कर रही थी, जिससे वह सीधे दीवार की चपेट में आ गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंपा जाएगा।

इस घटना ने एक बार फिर लगातार बारिश के दौरान जर्जर और कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे परिवारों की पहचान कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। घटना से बामे हुटूब गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : 15 साल बाद कुंवर सिंह मैदान रोड नंबर-3 के घरों में पहुंचा नल का पानी, लोगों में खुशी की लहर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!