भाजपा मंझारी मंडल ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर लगाया सामूहिक योग शिविर, योग को जीवनशैली में अपनाने का लिया संकल्प

चाईबासा: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मंझारी मंडल की ओर से सामूहिक योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सिद्धेश्वर गोप ने की।

योग शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता अनिल बिरूली तथा मंडल प्रभारी प्रताप कटियार महतो शामिल हुए। इस दौरान उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया और नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि योग शरीर, मन और मस्तिष्क को स्वस्थ रखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को नियमित योग करना चाहिए। वक्ताओं ने बताया कि आज योग का महत्व पूरी दुनिया में स्वीकार किया जा रहा है और लोग इसके लाभों को समझकर इसे अपना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रतिदिन 30 से 45 मिनट योगाभ्यास करने से शरीर स्वस्थ रहता है तथा कई बीमारियों से बचाव संभव है। वर्तमान समय में बढ़ रही उच्च रक्तचाप (बीपी), मधुमेह (शुगर) और अन्य जीवनशैली संबंधी समस्याओं से बचने में भी योग लाभकारी साबित हो रहा है।
कार्यक्रम के अंत में लोगों से नियमित योग करने और स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की गई




