
- ग्रामीणों के सहयोग से सफल हुआ हरिनाम संकीर्तन महोत्सव
मुरी : लोदमु गांव में आयोजित पांच दिवसीय हरिनाम संकीर्तन एवं रात्रि जागरण कार्यक्रम का समापन पूर्णाहुति के साथ संपन्न हो गया। अंतिम संध्या को आयोजित हरिनाम संकीर्तन में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे गांव में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला। भजन-कीर्तन की मधुर धुनों से क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं के लिए सामूहिक खिचड़ी भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में शामिल अधिकांश श्रद्धालु पीले और गेरुआ वस्त्रों में नजर आए, जिससे धार्मिक माहौल और भी आकर्षक बन गया। आयोजन स्थल पर विशेष मंच की व्यवस्था की गई थी, जहां क्षेत्र के सम्मानित लोग भी पहुंचे और भक्ति रस में सराबोर होकर संकीर्तन का आनंद लिया।
इसे भी पढ़ें : Muri : मुआवजा नोटिस को लेकर रैयतों में असंतोष, बांसारूली पंचायत भवन में हुई बैठक
भजन-कीर्तन और भंडारे से भक्तिमय हुआ लोदमु गांव
कार्यक्रम के दौरान राम मंदिर और राधा-कृष्ण मंदिर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया था। राम मंदिर में श्रद्धालुओं ने आरती एवं परिक्रमा कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। वहीं राधा-कृष्ण मंदिर में भी संध्या आरती के समय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हर वर्ष आयोजित होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष माथुर महतो, सचिव इन्द्र महतो, कोषाध्यक्ष विक्रम मुंडा, नगेन्द्र बेदिया, प्रफुल्ल प्रजापति, विजय महतो, दामुन, पंचानन मांझी, दुर्गा चरण यादव, मंगल नाथ महतो, महेन्द्र प्रसाद महतो, संतोष महतो, श्रीराम महतो सहित गांव के अनेक लोगों का सक्रिय योगदान रहा। ग्रामीणों ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अगले वर्ष भी इसी उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।




