Muri : मुआवजा नोटिस को लेकर रैयतों में असंतोष, बांसारूली पंचायत भवन में हुई बैठक
मुरी-गोला चार लेन सड़क परियोजना के तहत अलग-अलग मुआवजा निर्धारण पर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी

- ग्रामीणों ने प्रशासन से की मुआवजा प्रक्रिया की समीक्षा की मांग
मुरी : मुरी-गोला-मुरी चार लेन पथ निर्माण परियोजना के तहत धारा 37/2 के अंतर्गत जारी मुआवजा संबंधी नोटिस को लेकर बांसारूली पंचायत भवन में रैयतों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पंचायत के मुखिया लालू राम उरांव ने की। बैठक में सिंगपुर मौजा, मुरी मौजा, बांसारूली मौजा, पिस्का पंचायत एवं बिसिरिया पंचायत क्षेत्र के सड़क किनारे स्थित भूमि के लिए अलग-अलग मुआवजा निर्धारित किए जाने पर ग्रामीणों ने असंतोष व्यक्त किया। उपस्थित लोगों का कहना था कि समान प्रकृति की जमीन होने के बावजूद मुआवजा राशि में अंतर से रैयतों के बीच असंतोष बढ़ रहा है।
इसे भी पढ़ें : Muri : राहे में किसान सभा और माकपा ने मनाया शहीद बिरसा उलगुलान दिवस
चार लेन परियोजना में मुआवजा निर्धारण पर उठे सवाल
बैठक में वनुवाडीह, रामपुर, लोदमु, लोसेरा, कुसुमटीकरा और जामनीटांड़ सहित विभिन्न गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान सुचांद महतो, कनीलाल साहु, ज्योति प्रसाद साहु, हरेकृष्ण साहु, प्रेम नाथ महतो, मनोज कुमार भोक्ता, हरि किशोर राम बेदिया, अर्जुन बेदिया, प्रहलाद बेदिया, अभिराम महतो, बैजनाथ महतो, सच्चिदानंद मांझी, अम्बिका प्रसाद, संजय मांझी, अभिमन्यु महतो, शंकर महतो, गोवर्धन मांझी, विकास सिंह मुंडा, गुणोधर मांझी, सहदेव लोहरा और गुरूपद मंडल समेत दर्जनों लोग मौजूद थे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजा निर्धारण प्रक्रिया की समीक्षा कर सभी प्रभावित रैयतों के साथ न्यायसंगत व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की।




