
जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र में भाई-भाई के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। नशे की हालत में हुए विवाद के दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई की लोहे की रॉड से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय सनातन हेंब्रम के रूप में हुई है, जो सोनारी के झाबरी बस्ती में अपने भाइयों के साथ रहता था। जानकारी के अनुसार रविवार रात दोनों भाई शराब के नशे में थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
आरोप है कि छोटे भाई दुखू हेंब्रम ने गुस्से में आकर सनातन के सिर पर लोहे की रॉड से कई वार कर दिए। हमले में सनातन गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी घायल भाई को घर लेकर आया और कमरे में सुला दिया, लेकिन उसने परिवार के अन्य सदस्यों को मारपीट की जानकारी नहीं दी।
परिजनों को लगा कि सनातन नशे की हालत में सो रहा है। सोमवार पूरा दिन वह कमरे में पड़ा रहा, लेकिन किसी ने उसकी हालत पर ध्यान नहीं दिया। सोमवार रात जब दुखू काम से लौटकर कमरे में गया, तब सनातन मृत अवस्था में मिला। इसके बाद उसने परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी, जिससे मामले का खुलासा हुआ।
सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी मधुसूदन दे ने बताया कि आरोपी दुखू हेंब्रम को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि यदि घायल सनातन को समय पर इलाज मिल जाता, तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं इलाके में भी दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
इसे भी पढें : Jamshedpur : पहले पिलाई शराब, फिर चापड़ से की हत्या, कपाली पुलिस ने किया मो. तौसिफ उर्फ राज हत्याकांड का खुलासा




