*रूपी सोरेन के निधन पर झामुमो ने जताया शोक, 14 अक्टूबर को सादगी से मनेगा शहीद देवेंद्र माझी का शहादत दिवस*

चाईबासा: दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन के निधन पर रविवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला समिति की ओर से चाईबासा परिषदन में शोकसभा आयोजित की गई। इसमें पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर सांसद जोबा माझी ने कहा कि रूपी सोरेन का जीवन संघर्ष और आंदोलन से जुड़ा रहा। झारखंड आंदोलन के कठिन दौर में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके निधन से झारखंड ने एक ऐसी शख्सियत को खो दिया है, जिनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
शोकसभा के दौरान 14 अक्टूबर को शहीद देवेंद्र माझी के शहादत दिवस के आयोजन को लेकर भी चर्चा हुई। जिला समिति ने निर्णय लिया कि इस वर्ष कार्यक्रम सादगी के साथ आयोजित किया जाएगा। गांव-देहात से आने वाले पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग परंपरागत पूजा-पाठ तथा श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होंगे। हालांकि, इस बार पूर्व की तरह भव्य पंडाल, मंच और माइक-सेट लगाकर सार्वजनिक सभा आयोजित नहीं की जाएगी।
सांसद जोबा माझी ने कहा कि वर्तमान में परिवार और संगठन शोक की स्थिति से गुजर रहे हैं। ऐसे समय में संवेदनशीलता और मर्यादा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों से शहादत दिवस पर पहुंचकर शहीद देवेंद्र माझी को श्रद्धांजलि देने की अपील की। इस दौरान दिवंगत रूपी सोरेन की तस्वीर पर भी सामूहिक रूप से श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे।
बैठक में जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम, सचिव राहुल आदित्य, जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी, दिनेश चंद्र महतो, इकबाल अहमद, विश्वनाथ बाड़ा, राहुल तिवारी, दुर्गा चरण देवगम, अभिषेक सिंकु, बसंती सुंडी, सुनीता देवगम, जानकी, सोमबारी बाहँदा, मन्नाराम कुदादा, अकबर खान, दिनेश तुम्बलिया, मंगल सिंह तिउ, राजू सुंडी, रिमु बहादुर, जयराम गोप, अर्जुन बानरा, देवेंद्र बारी, मनोज लागुरी, नवाब अंसारी, कालटेन सिंह, संतोष कुमार मिश्रा, नितेश माधव करोवा और मुन्ना सुंडी सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।




