कोल्हान

गुवा माइंस के प्राइवेट ड्राइवरों ने उठाई मांगें, 10 दिनों में समाधान नहीं तो हड़ताल की चेतावनी

गुवा। गुवा अयस्क खान में कार्यरत प्राइवेट ड्राइवरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर झारखंड मजदूर यूनियन ने सेल गुवा प्रबंधन को पत्र सौंपकर जल्द समाधान की मांग की है। यूनियन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो यूनियन से जुड़े सभी प्राइवेट ड्राइवर हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे। यूनियन ने संभावित हड़ताल की जिम्मेदारी प्रबंधन की होने की बात कही है।

यूनियन के महामंत्री हेमराज सोनार द्वारा 5 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में कहा गया है कि गुवा माइंस में कार्यरत प्राइवेट ड्राइवर लंबे समय से कई समस्याओं का सामना कर रहे हैं। यूनियन का आरोप है कि नोटशीट के नाम पर पिछले करीब 12 वर्षों से ड्राइवरों से महज 400 रुपये में वाहन चलवाया जा रहा है। यूनियन ने इस व्यवस्था को समाप्त कर ड्राइवरों को उनके काम के अनुरूप उचित पारिश्रमिक देने की मांग की है।

पत्र में मांग की गई है कि टेंडर होने या टेंडर नहीं होने, दोनों ही परिस्थितियों में ड्राइवरों को स्किल्ड श्रेणी के अनुसार मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही रिटायरमेंट से संबंधित बकाया राशि का भुगतान करने और प्रत्येक ड्राइवर का पीएफ सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई है।

यूनियन ने ड्राइवरों के लिए ग्रुप इंश्योरेंस की सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की है। इसके अलावा टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित कार्य को एक महीने के भीतर शुरू करने तथा वर्क ऑर्डर में निर्धारित सभी सुविधाएं ड्राइवरों को उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

झारखंड मजदूर यूनियन का कहना है कि इन समस्याओं को लेकर करीब दो महीने पूर्व भी प्रबंधन को पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया था। हालांकि, अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण ड्राइवरों में असंतोष बढ़ रहा है। यूनियन ने प्रबंधन से संबंधित ठेकेदारों को आवश्यक निर्देश जारी कर सभी मांगों का जल्द समाधान कराने का आग्रह किया है।

पत्र के माध्यम से यूनियन ने स्पष्ट किया है कि 10 दिनों के भीतर मांगों का समाधान नहीं होने पर सभी संबंधित प्राइवेट ड्राइवर हड़ताल पर चले जाएंगे। यूनियन ने इसके लिए प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है।

पत्र की प्रतिलिपि ईडी (वर्क्स) बोकारो, एचआर गुवा अयस्क खान, एएलसी चाईबासा, जीएम मोटर गैराज, एसडीएम जगन्नाथपुर, डीएसपी किरीबुरू, थाना प्रभारी गुवा तथा संबंधित ठेकेदारों को भी भेजी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!